इतनी तेज तो गिरगिट भी रंग नहीं बदलता- 24 घंटे में तीन बार बदला अयोध्या डीएम के आवास का बोर्ड; लोग यूं ले रहे मजे
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के नतीजे 10 मार्च को आएंगे। सियासी गलियारों से लेकर नौकरशाही तक नतीजों को लेकर कयास लगा रही है। चुनावी चर्चा के बीच अयोध्या के डीएम चर्चा में आ गए। दरअसल, डीएम आवास पर लगे बोर्ड का रंग 24 घंटे में तीन बार बदला गया और ये चर्चा का विषय बन गया। पहले डीएम आवास का बोर्ड भगवा रंग का था, दो मार्च को इसे बदलकर हरे रंग का कर दिया गया।
बोर्ड का रंग हरा देखकर अयोध्या के तमाम साधु-संत इसपर आपत्ति जताने लगे। इसके बाद डीएम ने पीडब्ल्यूडी (PWD) से दोबारा रंग बदलने को कहा। जिसके बाद कल देर रात बोर्ड का रंग बदलकर लाल कर दिया गया। 24 घंटे में तीन बार बोर्ड का रंग बदलने को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा छिड़ गई। अब इस बात पर चर्चा हो रही है कि पार्टी के विपक्षी दल समाजवादी पार्टी की टोपी का रंग भी लाल ही है। तमाम लोग मजाक उड़ाने लगे।
पूर्व आईएएस सूर्य प्रताप सिंह ने भी ट्विटर पर तंज कसा। उन्होंने लिखा, ”कल हरा,आज लाल, गजब बा हाल।” अतुल यादव नाम के एक यूजर ने लिखा, ”इससे पता चलता है कि, सत्ता परिवर्तन की लहर कितनी खतरनाक चल रही। अधिकारी ने अभी से अपने रंग को बदलने शुरू कर दिए हैं ताकि उनकी कुर्सी बची रहे। चिंता मत करो तब भी तुम लोगों का हिसाब बढ़िया से लिया जायेगा।”
वरिष्ठ पत्रकार संजय शर्मा ने भी इस मुद्दे को लेकर ट्वीट किया है। उन्होंने लिखा, ”देश भर में जब फजीहत हो गयी डीएम साहब की तो भगवा से हरा हुआ बोर्ड आज फिर लाल कर दिया गया ! गजब नमूने हो गये हैं यूपी के आईएएस अफसर ! एकदम शर्म नहीं बची इनको!”
मुकेश बी नाम के यूजर ने लिखा, ”गिरगिट की तरह रंग बदलते हुए।” जस्ट क्यूरियस ने लिखा, ”कल हरा और आज लाल !!! अगला तो पीला होगा। #लालपीला।”
राम एस यादव ने लिखा, ”अब बताइए योगी बाबा से ज्यादा चर्चा तो इस बोर्ड की है। बदलाव तय है। अखिलेश आ रहे हैं ।।” वहीं एके एस ने लिखा, ”रंग भी बंट गए इस लोकतंत्र में…. #हे_प्रभु।”
बृज लाल शंखवर ने ट्वीट किया, ”वो भी क्या करें, मजबूर हैं। डबल इंजन की सरकार से तो भिड़ नहीं सकता नहीं तो UAPA लगा दिया जायेगा।” मोहम्मद इमरान ने तीनों बोर्ड की तस्वीर शेयर करते हुए लिखा, ”इतनी जल्दी क्या थी, रिजल्ट तो आ जाने देते।”
The post इतनी तेज तो गिरगिट भी रंग नहीं बदलता- 24 घंटे में तीन बार बदला अयोध्या डीएम के आवास का बोर्ड; लोग यूं ले रहे मजे appeared first on Jansatta.
from मनोरंजन – Jansatta https://ift.tt/il5OQgM
No comments